सिपाही के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर छह युवकों से साढ़े चार लाख रुपये ऐंठने में सिपाही, उसके भाई और पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजनौर के चांदपुर के गांव अलावलपुर निवासी कुलदीप ने बताया कि उसकी गांव पपसरी खादर निवासी सुरेश से दिसंबर 2023 में मुलाकात हुई थी। सुरेश यूपी पुलिस में सिपाही है। कुलदीप का आरोप है कि सुरेश ने पुलिस विभाग में अधिकारियों से संबंध का हवाला देते हुए उसकी नौकरी लगवाने की बात कही थी। कुलदीप के मुताबिक सुरेश के एक चाचा सीओ के पद से रिटायर हैं और उनकी पत्नी दिल्ली पुलिस में हैं। इस पर उसने अपने छह रिश्तेदारों को पुलिस में भर्ती कराने की बात कही। छह युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर सुरेश ने कई किस्तों में साढ़े चार लाख रुपये ऐंठ लिए। कुछ दिन बाद पुलिस परीक्षा रद्द हो गई।
उन्होंने अपने द्वारा दी गई रकम वापस करने के लिए कहा तो आरोपी सिपाही ने जल्द वापस करने का वादा किया। काफी समय तक रुपये वापस नहीं करने पर थाने में शिकायत की गई। अब आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सिपाही सुरेश, पिता भरत सिंह, भाई शिवनेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।