पालिका की बैठक में सभासदों ने तालाब का निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई
- फोटो : अमरोहा
मंडी धनौरा(अमरोहा)। नगर पालिका परिषद की बैठक में महाराजा अग्रसेन के नाम पर बनाए जा रहे अमृत सरोवर का काम रुकवाने की आलोचना करते हुए उसका काम दोबारा शुरू कराने की मांग की गई है। दो सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि राजनैतिक दबाव में तालाब का काम बंद कराया गया तो वे आत्मदाह कर लेंगे। बैठक में जल निगम के ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई।
नगर पालिका की बैठक मंगलवार की दोपहर बाद पालिका कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सभासद नौशाद मंसूरी व राजू बादशाह ने महाराजा अग्रसेन के नाम पर बनाए जा रहे अमृत सरोवर का काम दोबारा से शुरू कराने की मांग की। उन्होंने तालाब निर्माण का काम बंद होने का कारण भी मालूम किया। दोनों सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि राजनैतिक दबाव में तालाब निर्माण का काम बंद कराया गया तो वे आत्मदाह के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी से भी सहयोग की अपील की गई। पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने सभासदों को जानकारी दी कि यह प्रकरण जिलाधिकारी के संज्ञान में है। बैठक में नगर के कुछ वार्डों में पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत नहीं कराने पर सभासदों ने रोष व्यक्त किया। सभासदों का कहना था कि क्षतिग्रस्त सड़क के कारण बुजुर्ग व महिलाएं दुर्घटना का शिकार हो रही हैं। बैठक में लोगों द्वारा खुले में कूड़ा डालने की शिकायत भी की गई। बैठक में ईओ अवधेश वर्मा, नूतन रानी, दुलीचंद गिहार, राजीव दीक्षित, संतोष देवी, गौरव धारीवाल, राजबाला सैनी, सरस्वती गोयल आदि मौजूद थी।