जोया ब्लॉक की ग्राम पंचायत औरंगाबाद के प्रधान को डीएम की ओर से नोटिस जारी होने बाद अब गलत कोटेशन के मामले में भी जवाब-तलब किए जाएंगे। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई जांच में टीम को कई अनियमितताएं मिली थीं। कार्यों के लिए कई ऐसी कोटेशन मिली, जिन पर फर्म स्वामी के हस्ताक्षर ही नहीं थे। इसके अलावा कोटेशन सादे पेपर पर दिए गए थे।
औरंगाबाद में ग्रामीणों की शिकायत के बाद डीएम ने कार्यों की जांच को टीम का गठन किया था। जांच के दौरान टीम को गांव में बड़ी अनियमितताएं मिलीं। कई मामलों में एडीओ पंचायत की स्वीकृति ही नहीं ली गई। इसके अलावा कई पत्रावलियों पर एडीओ पंचायत के हस्ताक्षर भी नहीं थे। सामग्री क्रय व आपूर्ति के लिए उपलब्ध रेट कोटेशन पर भी किसी फर्म स्वामी के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। इसके अलावा कोई भी कोटेशन फर्म द्वारा अपने लेटर हेड पर अंकित नहीं की गई।
ऐसी फर्म से कार्य कराया गया, जो जीएसटी में उस काम के लिए अधिकृत ही नहीं थी। अब गलत कोटेशन के मामले में भी संबंधित पंचायत सचिव का जवाब तलब करते हुए जांच की जाएगी। डीपीआरओ पारुल सिसौदिया ने बताया कि गलत कोटेशन के मामले में जवाब-तलब किया जाएगा। संवाद