अमरोहा। मोहल्ला छेबड़ा में कांवड़ियों पर पथराव करने के मामले में मुख्य आरोपी इमरान को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वायरल वीडियो में सुर्खियों में आए शाहबुद्दीन ने खुद ही न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो, फोटो के आधार पर तीन अन्य आरोपियों की पहचान की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। सुरक्षा के लिहाज से मोहल्ले में पुलिस-पीएसी तैनात है। एसपी अमित कुमार आनंद ने भी सोमवार की रात पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
शनिवार की रात अमरोहा नगर के छेबड़ा बाईपास पर शिव मंदिर के पास भंडारे में मौजूद कांवड़ियों पर दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया था। इसके बाद पूरी रात कोतवाली में हंगामा हुआ। शिवभक्तों ने अपनी कांवड़ कोतवाली में रखकर पथराव करने वालों पर उसे खंडित करने का आरोप लगाया था। आरोपी दूसरे समुदाय के होने के कारण सांप्रदायिक तनाव बना हुआ है। आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने इस मामले में चार नामजद समेत 29 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पथराव में कांस्टेबल शोएब रजा खान के सिर में भी पत्थर लगा था, जिससे वह जख्मी हो गए थे, जबकि कांवड़ियों में शामिल चंद्रशेखर, विद्या देवी व शिखर समेत चार लोग और घायल हुए थे।
मामले में अभिषेक सैनी की तहरीर पर इमरान, मुकीम, यूनुस अली, मोहम्मद जाहिद और 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बाद में पुलिस ने आरोपी शानू और अदनान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना में नामजद आरोपी इमरान को चोट लगी थी, इसलिए पुलिस हिरासत में उसका इलाज अस्पताल में कराया। सोमवार को पुलिस ने इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया था। घटना के बाद मोहल्ला छेबड़ा के लोगों में दहशत का माहौल है। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मंगलवार को इमरान को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है जबकि मोहल्ला हक्कानी के रहने वाले चौथे आरोपी शाहबुद्दीन ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। घटना के बाद वायरल वीडियो फोटो के आधार पर शाहबुद्दीन की पहचान की गई थी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं। माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।