रहरा (अमरोहा)। आदमपुर क्षेत्र के गांव बहादुरपुर मिश्र में छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाने के नाम पर एक ग्राम प्रधान ने साढ़े छह हजार रुपये की अवैध वसूली ग्रामीणों से की। इसकी सूचना मिलने पर नाराज किसानों ने रहरा हसनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर ही अवैध वसूली के रुपयों को वापस कराया गया। इसके बाद किसानों ने जाम खोला। किसानों ने कहा कि किसी भी कीमत पर सोशल सहन नहीं किया जाएगा।
बुधवार को जाम लगाते हुए भाकियू टिकैत के गंगेश्वरी ब्लॉक अध्यक्ष टीटू त्यागी ने कहा कि छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाने के लिए खंड विकास कार्यालय के पास कैटल कैचर की सुविधा है। जिसकी सहायता से मंगलवार को क्षेत्र के गांव बहादरपुर मिश्र में छुट्टा पशु पकड़े गए थे। आरोप है कि गुरैठा नंदी बिहार गोशाला का संचालन की समिति में शामिल एक प्रधान के पति ने ग्रामीणों से छुट्टा पशुओं गोशाला पहुंचाने के नाम पर साढ़े छह हजार रुपये की अवैध वसूली की। ग्रामीणों ने चंदा करके वह रुपये प्रधान को सौंपे। ग्रामीणों के साथ अवैध वसूली किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जाएगी। जाम की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिस व्यक्ति पर अवैध वसूली का आरोप था। उस व्यक्ति को मौके पर बुलाया गया और रुपये वापस कराए गए। इस मौके पर चौधरी सुरेश सिंह, ऋषिपाल चौधरी, महेशचंद त्यागी, निगम त्यागी, अमर सिंह, रिफाकत आदि रहे।