नगर पंचायत सैदनगली में शनिवार को तालाब से अवैध कब्जा हटवाया गया। इस दौरान एक कब्जाधारी ने नगर पंचायत की टीम से अभद्रता भी की। नोकझोंक भी हुई। जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया।दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
नगर पंचायत की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को नगर पंचायत की टीम जेसीबी के साथ मुख्य बाजार के पास तालाब पर अतिक्रमण हटवाने पहुंची। जहां पर जैसे ही अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू हुआ तो एक कब्जाधारी वहां पहुंच गया और टीम से उलझने लगा। कार्य को रोकने की मांग की। इस दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी से अभद्रता की गई। सूचना मिलते ही नगर पंचायत के ईओ सलिल भारद्वाज एवं थाने से पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।