अमरोहा। एनएचएआई की लापरवाही के चलते हाईवे पर सफर करना मुश्किल हो गया है। हाईवे पर जगह-जगह खड़े वाहन हादसे का सबब बने हुए हैं। जिले में 62 किलोमीटर लंबे हाईवे पर करीब 20 कट है, जहां अक्सर हादसे होेते रहते हैं। यहीं नहीं हाईवे पर घूम रहे छुट्टा पशु भी लोगों की जान ले रहे हैं।
शहर के सड़कें हो या फिर हाईवे, सड़क किनारे वाहन दिन रात खड़े नजर आ जाएंगे। कई बार सड़क किनारे खड़े वाहन हादसे का कारण भी बने, लेकिन अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। स्थिति यह है कि होटल और ढाबा पर रुकने वाले चालक भी वाहन को सड़क किनारे लाइन लगाकर खड़ा कर देते हैं। ये वाहन हादसे का कारण बनते हैं।
सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर करोडों रुपये प्रचार-प्रसार पर बहाया जाता है। बावजूद इसके सड़क सुरक्षा के नियम निर्देश कहीं भी धरातल पर देखने को नहीं मिलते हैं। गोष्ठियों और सेमिनारों में तो वाहन चालकों को नियमों का पाठ पढ़ाया जा जाता है, लेकिन हाईवे ट्रक, डीसीएम, कंटेनर या अन्य वाहन चालकों को समझाने वाला कोई नहीं है।
सड़क किनारे चालक अपने वाहन अक्सर रात में बेतरतीब खड़ा कर देते हैं, जो अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। जिससे आए दिन हादसे भी हो रहे हैं, जिनमें लोगों की जान भी बड़ी संख्या में जा रही है। पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहन खड़े वाहन में टकरा जाते हैं।
ऐसी कई घटनाएं हो चुकीं, लेकिन लापरवाह वाहन चालकों पर आज तक लगाम नहीं लग सकी। सिपाहियों को रात और दिन में हाईवे पर गश्त पर रहने के निर्देश हैं, लेकिन वह कभी कभार ही दिखाई देते हैं। दुर्घटनाएं अक्सर ढाबों, सर्विस रोड के आसपास होती हैं। रविवार को गजरौला में उत्तराखंड के गायक पवनदीप राजन की कार हाईवे किनारे खड़े कैंटर में घुस गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए है।