आदमपुर। गांव गुरैठा खादर में किसान भगवानदास (62) की उसके ही इकलौते बेटे लोकमन ने फावड़े से काटकर हत्या कर दी। भगवानदास सात दिन पहले एक महिला को पत्नी बनाकर घर लाए थे। उनके नाम पांच बीघा जमीन भी करना चाहते थे, जिससे इकलौते बेटे ने घटना का अंजाम दे दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गांव गुरैठा खादर में भगवानदास पुत्र बाबू राम का परिवार रहता है। भगवानदास की पत्नी की बीमारी से करीब 6 वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। भगवानदास का इकलौता बेटा लोकमन और तीन बेटियां हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी हैं। बताते हैं कि करीब सात दिन पूर्व भगवानदास एक महिला को अपने घर ले आए थे और पत्नी बनाकर उसके साथ रहते थे।
भगवानदास उस महिला के नाम पांच बीघा जमीन भी करना चाहते थे। उनकी इस बात से बेटा लोकमन नाराज था। बेटे ने कई बार उन्हें समझाया कि महिला को वापस भेज दो, लेकिन पिता नहीं माने। पिता-पुत्र में इसको लेकर दो दिन पूर्व कहासुनी भी हुई थी। रविवार की रात को भगवानदास अपने कमरे में चारपाई पर सोए थे। जहां बेटा फावड़ा लेकर पहुंच गया। आहट होने पर भगवानदास जाग गए। दोनों में नोकझोंक भी हुई। इस दौरान बेटे ने फावड़े से हमला कर दिया। बाद में घायल अवस्था में भगवानदास को उपचार के लिए ले लिए अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सोमवार की सुबह बिना कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही थी, तभी पुलिस पहुंच गई और अंतिम संस्कार की तैयारी को रोकते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि बेटे ने फावड़ा से हमला कर पिता की हत्या कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल फावड़ा बरामद लिया है।