अमरोहा। किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग पर भारतीय किसान यूनियन चौधरी करतार सिंह के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। नारेबीज कर डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की। उन्होंने समाधान नहीं होने पर 10 जुलाई को हाईवे जाम करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को भाकियू चौधरी करतार सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष महावीर सिंह डीएम निधि गुप्ता वत्स से मिले। उन्होंने कहा कि जनपद में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाकर जल्द ही चोरियों का खुलासा किया जाए। बिजली आपूर्ति में सुधार किया जाए, दो पहिया वाहनों को टोल टैक्स के दायरे में न लाया जाए, परिषदीय स्कूलों का एकीकरण न किए जाए, खतौनी में नाम व हिस्सों में जो त्रुटि हैं, उसे तत्काल ठीक कराया जाए। काफूरपुर से रजबपुर वाले मार्ग की मरम्मत की जाए।
जल निगम द्वारा जिन गांवों में पाइपलाइन बिछाते हुए सड़क तोड़ी गई हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। समाधान न होने पर दस जुलाई को अतरासी में हाईवे जाम करेंगे। इस दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह, जिलाध्यक्ष जय सुखलाल गिल, राहुल चाहल, विनीत चौधरी, गजेंद्र सिंह मौजूद रहे।