नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव बांसखेड़ी में निवासी अली हैदर के बेटे जामिन अब्बास का शव दो अगस्त 2024 को घर से कुछ दूरी पर पेड़ पर फंदे पर लटका मिला था। अब्बास 24 घंटे पहले एक धार्मिक आयोजन में शामिल होने के बाद बस्ती से लापता हो गया था। पोस्टमार्टम के बाद मामले में मृतक के भाई ने गांव के ही रहने वाले दो सगे भाइयों के अलावा अन्य के खिलाफ भाई का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
हत्या करने के पीछे कारण क्रिकेट मैच के दौरान हुए झगड़े की रंजिश बताया गया। कई दिन गुजरने के बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं करने पर बाद में पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत एसपी कुंवर अनुपम सिंह से की थी, उनके आदेश पर ही इस हत्याकांड की जांच अब क्राइम ब्रांच कर रही है। मामले में पुलिस बीते साल 16 अक्तूबर को एक आरोपी सज्जाद को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। जबकि मामले में उसका भाई हसनैन तभी से फरार चल रहा है। अब पुलिस मामले में कोर्ट से बीते साल 28 अक्तूबर को गैर जमानती वारंट जारी होने के अलावा बीती 15 दिसंबर को संपत्ति कुर्क करने की उद्घोषणा का आदेश भी जारी किया जा चुका है। हत्यारोपी अगर एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है तो फिर उसकी चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।