परिजनों की डांट से आहत युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। युवती की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव जलालपुर कलां की है। गांव निवासी विजेंद्र सिंह मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी सीमा के अलावा तीन बेटी व दो बेटियां है। परिजनों के मुताबिक उनकी दूसरी नंबर की बेटी पलक (19) को दो दिन पहले परिजनाें ने किसी बात पर डांट दिया था। इसके बाद से वह गुमशुम रहने लगी थी। मंगलवार को विजेंद्र मजदूरी करने गए थे और पत्नी सीमा पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर गई थी।
पलक ने घर में बने टीन शेड में लगी बल्ली के सहारे रस्सी का फंदा गले में डालकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब उसकी चाची बबीता किसी काम से घर आई तो पलक को फंदे पर लटका देखा। कुछ देर में भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही विजेंद्र व सीमा आ गए। परिजनों ने पलक को फंदे से उतारा। सूचना पर थानाध्यक्ष कोमल तोमर पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। मामले में परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।