अमरोहा जिला अस्पताल में एकत्र एंबुलेंस चालक और एएमटी।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। मानेदय सहित अन्य समस्याओं को लेकर 102-108 एंबुलेंस चालक और ईएमटी दो नवंबर से हड़ताल पर रहेंगे। जिला अस्पताल परिसर में भूख हड़ताल करेंगे। इसके लिए जल्द डीएम और सीएमओ को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। कोरोना काल में 102-108 एंबुलेंस सेवा ठप होने से जिले के हालात बिगड़ सकते हैं
अमरोहा जिले में कुल 102-108 और दो एएलएस सहित 43 एंबुलेंस हैं। सभी एंबुलेंसों पर 168 चालक और ईएमटी तैनात हैं। जीवन दायनी स्वास्थ्य विभाग 102-108 के जिलाध्यक्ष हितेंद्र सिंह ने बताया कि एंबुलेंसों का संचालन एक कंपनी की तरफ से कराया जा रहा है। कोरोना महामारी में चालक और ईएमटी अपनी जान हथेली पर लेकर काम कर रहा है। लेकिन, कंपनी सरकार की अनुबंध शर्मों का उलंघन कर रही है। कर्मचारियों से बारह घंटे से अधिक कार्य कराया जा रहा है। उनके मानदेय और पीएफ में कटौती की जा रही है। मानदेय देने के नाम पर हिला हवाली की जा रही है। कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। आरोप लगाया कि विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही है। परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। इसकी शिकायत बार-बार उच्चाधिकारियों से की जा रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसलिए दो नवंबर को जिला अस्पताल परिसर में एंबुलेंस सेवा ठप कर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। तमाम एंबुलेंस कर्मचारियों ने रविवार को रणनीति बनाई। इस दौरान नरेश मौर्य, शिवम कुमार, धर्मपाल सिंह, मुनेंद्र पाल, कोशल कुमार, योगेंद्र सिंह, फय्यूम आदि मौजूद रहे।