अमरोहा। डिलीवरी के ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल सील कर दिया है। सीएमओ का दावा है कि बीयूएमएस डॉक्टर ऑपरेशन कर रहा था। उससे स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
अमरोहा के मोहल्ला नल निवासी मोहम्मद अरबाज की पत्नी साबिया गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर रविवार सुबह परिजनों ने साबिया को मोहल्ला लकड़ा स्थित एक हेल्थ केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक रविवार रात डॉक्टर व स्टाफ ने ऑपरेशन करने की सलाह दी और ओटी में ले जाकर साबिया का ऑपरेशन कर दिया। साबिया ने एक बेटी को जन्म दिया लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारी बिना कुछ बताए भाग गए। कुछ देर में परिजनों ने ओटी में जाकर देखा तो साबिया अचैत पड़ी थी। परिजनों ने गलत ऑपरेशन से मौत होने की बात कही और हंगामा करने लगे। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस पहुंची और जांच की थी। पुलिस कर्मियाें ने परिजनों को समझाकर शांत किया था। मृतका के भाई ने अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामला संज्ञान में आने के बाद सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने कमेटी गठित कर जांच बैठा दी थी। सीएमओ बताया कि न्यू एशियन हेल्थ केयर हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। जांच में सामने आया है कि ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर की डिग्री बीयूएमएस की है। डॉक्टर से जवाब मांगा गया है कि वह किस आधार पर ऑपरेशन कर रहे थे। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।