शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को युवक ने जमकर उत्पात मचाया। ओपीडी में बैठकर जहां मरीज देख रहे चिकित्सक के साथ उसने अभद्रता की, वहीं स्टाफ संग गाली गलौच की। इसके बाद रजिस्टर छीनकर फाड़ दिया। इससे हंगामा खड़ा हो गया।
गालियां देते हुए बाहर निकले युवक को कर्मचारियों ने घेर लिया। सूचना मिलने पर जब तक पुलिस आई तब तक साथी उसको लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित स्टाफ से पूछताछ की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घटना से आधा घंटा तक ओपीडी प्रभावित रही।
दोपहर करीब 12 बजे शहर के मोहल्ला कुरैशी निवासी युवक साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा। जहां पर उसने इमरजेंसी कक्ष में बैठकर ओपीडी संभाल रहे डाक्टर इकबाल से स्वास्थ्य परीक्षण की बात कही, लेकिन चिकित्सक ने भीड़ ज्यादा होने पर उसको दूसरे चिकित्सक को दिखाने की बात कही। यही बात उसको नागवार गुजरी।
शोर मचाते हुए डाक्टर व स्टाफ को गालियां देनी चालू कर दी। विरोध करने पर खींचतान तक की नौबत आ गई। जैसे तैसे मरीजों ने उसको बाहर किया, लेकिन अभद्रता पर भड़के कर्मचारियों ने उसको घेर लिया।
ब्लड चेकअप के बहाने कक्ष में बैठाया। ब्लड सैंपल लेना शुरू कर दिया। बावजूद इसके युवक के तेवर जरा भी कम नहीं हुए। वह स्टाफ व चिकित्सकों को खरीखोटी सुनाता रहा। उसके रवैये को देखकर ओपीडी इंचार्ज ने पुलिस को खबर की।
अब जब युवक को पुलिस के आने की भनक लगी तो वह शोरगुल करते हुए तेजी से बाहर आया और साथियों के साथ रफूचक्कर हो गया। आधा घंटे तक अस्पताल में ओपीडी बंद रही। सभी चिकित्सक व मरीज अपने-अपने कक्ष से बाहर आ गए। करीब 15 मिनट बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्टाफ से जानकारी हासिल कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मसले में पीड़ित चिकित्सक ने लिखित शिकायत पुलिस को दी है।