अमरोहा। सरकार ने पुलिस विभाग में तैनात होमगार्डों को हटाने मेें जिले के 103 होमगार्ड भी शामिल हैं। उन्हें भी थानों से हटा दिया गया है। होमगार्डों के हटाने के बाद पुलिसिया सिस्टम पर इसका सीधा असर दिखेगा। अब जो होमगार्ड ट्रैफिक व्यवस्था संभाले हुए थे, उनके हटते ही यातायात व्यवस्था ध्वस्त होना लाजमी है।
पुलिस विभाग में तैनात प्रदेश भर के 25 हजार होमगार्डों की सरकार ने सेवा समाप्त कर दी है। इसमें अमरोहा जिले के भी 103 होमगार्ड शामिल हैं। अमरोहा के विभिन्न थानों में तैनात सभी होमगार्डों को हटा दिया गया है। सरकार के आदेश मिलते ही होमगार्डों में हड़कंप मचा है। नौकरी गंवाने के बाद होमगार्ड मायूस हैं। खास बात यह है कि यह होमगार्ड पुलिस के साथ मिलकर कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने में काम आते थे। कई होमगार्डों की ड्यूटी ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने में लगी थी। अब होमगार्डों के हटते ही ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाएगी। वहीं एसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस के साथ तैनात सभी होमगार्डों की हटा दिया गया है।