अमरोहा। बदलते मौसम और होली की खुमारी ने लोगों को बीमार कर दिया है। जिले में आंख की एलर्जी और आईफ्लू के मरीज बढ़े हैं। बृहस्पतिवार से शुक्रवार तक सरकारी अस्पतालों में 203 मरीज पहुंचे, जिनमें अधिकांश आंखों की जलन और सूजन से परेशान हैं। इसके अलावा त्वचा रोगियों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिला है।जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एके सिंह ने बताया कि मौसम में हुए परिवर्तन के चलते और होली पर आखों में एलर्जी और आईफ्लू की समस्या बनी हुई है। आंखों में होने वाले इस संक्रमण को हल्के में न लें, जरा भी दिक्कत होने पर तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टरों से संपर्क करें। समय से उपचार न होने पर आंख की रोशनी भी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि होली पर रंग खेलने के बाद लोगों की सेहत खराब हुई है। दो दिन में करीब 203 मरीज आंखों में जलन और त्वचा रोग से संबंधित आए हैं, जबकि पिछले 15 दिन पहले इन मरीजों की संख्या महज 10 से 15 हुआ करती थी।
बुखार और पेट संक्रमण के बढ़े मरीज
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. चरन सिंह बताया कि पेट संक्रमण के साथ बुखार के मरीज भी बढ़े हैं। अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या काफी बढ़ी है, जिनके लिए दवाओं और उपचार की व्यवस्था कराई गई है।