सैदनगली (अमरोहा)। कस्बे के मोहल्ला कुरैशियान निवासी हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर दानिश (24) की पंजाब में हत्या कर शव नहर में बहा दिया। हरियाणा की गोहाना क्षेत्र की एक नहर में हिस्ट्रीशीटर का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने संभल के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सैदनगली थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सैदनगली के मोहल्ला अनीस ने सोमवार की शाम थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा दानिश 29 जून को अमरोहा न्यायालय में तारीख पर गया था। 30 जून को संभल निवासी एक युवक ने उसे फोन कर बुलाया तो वह घर से चला गया। बताया कि एक युवक बेटे को टेंपो में बैठाकर ले गया था। एक जुलाई को फिर से संभल के एक व्यक्ति की कॉल आई। बेटे का सुराग न मिलने पर दो जुलाई को वह दिल्ली पहुंचे तो उन्हें संभल के पक्का बाग निवासी एक युवक मिला और बेटे का मोबाइल उसे देकर बताया कि दानिश नदी में गिर गया है।
परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो पंजाब में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास नदी में शव मिलने की सूचना मिली। लेकिन बेटे का शव हरियाणा के गोहाना क्षेत्र में बह रही नहर से बरामद किया गया। आरोप है कि दानिश की पंजाब में हत्या कर शव को नहर में बहाया गया है।
सैदनगली थाना प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि दानिश की लाश गोहाना क्षेत्र में नदी से मिली है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दानिश के खिलाफ सैदनगली थाने में गोकशी के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं और वह थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उधर सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।