मंडी धनौरा (अमरोहा)। चांदपुर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के निकट दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक बाइक सवार घायल है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि चांदपुर मार्ग पर सोमवार की देर रात करीब 10 बजे हादसा हुआ है। दो बाइक की आमने सामने की टक्कर हुई। जिसमें ग्राम चुचैला कलां निवासी कुणाल (23), चांदपुर के महमूदपुर निवासी मोहसिन (27), शिवपुरी धनौरा निवासी लक्की (14) की मौत हो गई। जबकि इनका एक साथी अतरपुरा निवासी फैजान घायल है। अस्पताल में भर्ती फैजान ने बताया कि वह अपने मौसा मोहसिन के साथ उनकी बाइक पर सवार होकर चांदपुर जा रहा था। सूचना पाकर सभी के परिवार वाले पहुंच गए थे।
0000
तेज रफ्तार बनी दुर्घटना का कारण, किसी ने नहीं पहना था हेलमेट
मंडी धनौरा। मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोनों बाइक सवार तेज गति में थे। घटना एक ट्रक को ओवरटेक करते समय हुई। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गजरौला दिशा की ओर से आ रही बाइक बेहद तेज गति में थी। ओवरटेक करते समय उसकी बाइक चांदपुर दिशा से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई थी। दोनों बाइक पर सवार चारों लोग बुरी तरह घायल हो गए। किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
000
खाना खाने के बाद घूमने निकला था कुणाल
मंडी धनौरा। कुणाल की मौत की जानकारी मिलने पर सरकारी अस्पताल आई उसकी मां ने बताया कि खाना खाने के बाद कुणाल अपने दोस्तों के साथ बाइक पर घूमने निकला था। धनौरा की ओर गया था।