नौगांवा सादात। असामाजिक तत्वों ने मंदिर तोड़कर उसमें रखी मूर्तियां खंडित कर दी। घटना से हिंदू संगठनों में रोष है। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने योगी सरकार से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव भैड़ा भरतपुर स्थित पुरातत्व विभाग की भूमि पर मंदिर स्थापित किया गया था जहां चारों तरफ वृक्ष फुलवारी आदि से मंदिर भव्य एवं प्राचीन दिखाई देता था। मंदिर में पुजारी चरनपाल रोजाना पूजा अर्चना करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने रविवार रात करीब 12 बजे मंदिर को तोड़कर उसमें रखी मूर्ति खंडित कर दीं।
घटना से हिंदू संगठनों के लोगों में आक्रोश है। बजरंग दल के लोगों का कहना है कि अगर मंदिर तोड़कर प्रतिमा खंडित की गई है तो उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
मंदिर पुजारी चरनपाल सिंह का आरोप है कि पहले इसमें जगह-जगह कुड़ियां पड़ी रहती थीं जिसके बाद पुरातत्व विभाग ने प्राचीन मंदिर का बोर्ड लगा दिया था। इसके बाद मंदिर भी बन गया यहां नाग पंचमी के दिन मेला भी आयोजित होता था। लेकिन मंदिर तोड़कर कुछ लोगों ने प्रतिमा खंडित की हैं जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने योगी सरकार से धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले को दिखवाया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। माहौल शांतिपूर्ण है।