जिले भर में आज किसानों द्वारा चक्का जाम किया जाएगा। हाईवे से लेकर स्टेट हाईवे तक पर किसानों का कब्जा रहेगा। भारतीय किसान यूनियन भानू ने पदाधिकारियों को जहां जिम्मेदारी बांट दी है वहीं कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। कई गांवों का दौरा कर किसानों से आंदोलन में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
शनिवार को भाकियू भानू के प्रांतीय महासचिव चौधरी दिवाकर सिंह, जिलाध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र ब्रजपाल यादव, राजवीर सिंह, दिनेश कुमार, जयकीरत सिंह, रामपाल सिंह, पवन सिंह आदि पदाधिकारियों ने जनपद के गांव नगलिया जट, खजूरी, नाजरपुर, नाईपुरा, देहरी, झनकपुरी, जगुवा खुर्द, पट्टी, शहवाजपुर, चांदनगर, बुखारपुर, खालकपुर, कूबी, हाकमपुर, भैड़ा, धकतौड़ा, नरैना, शहवाजपुर की मढैया, जलालपुर, असावर, भवालपुर, गजरौला प्रभुवन, सरकड़ा कमाल आदि का भ्रमण किया।
साथ ही किसानों से अपील की कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में आंदोलन में भाग लें, क्योंकि किसान संगठित रहेंगे तो कोई भी उसका बाल बांका नहीं कर सकता। टूटकर बिखरे तो हर कोई हावी हो जाएगा।