हसनपुर (अमरोहा)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील के गेट पर प्रदर्शन शुक्रवार को किया। जिसके चलते अधिवक्ता तहसील के कार्य से विरत रहे। जिससे लोगों को परेशानी हुई। प्रदर्शन करने वाले अधिवक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वकीलों के साथ जनता की अनदेखी की जा रही है।
शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट खंडपीठ स्थापना समिति के आह्वान पर अपनी मांगों के समर्थन में तहसील गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान न्यायालयों में न्यायिक कार्य स्थगित रखा गया। बार अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, व्यापारियों, वादकारियों और आम जनता सहित वकीलों के साथ पक्षपात हो रहा है। इसलिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापित होनी बहुत जरूरी है। कहा कि अधिवक्ताओं पर हमले हो रहे हैं। अधिवक्ताओं की सुरक्षा और कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं को पूरा करने को बार काउंसिल की मांगों को शीघ्र स्वीकार किया जाए। प्रदर्शन के बाद बार भवन में अधिवक्ता अरविंद शर्मा के पिता निधन पर शोक जताया गया। यहां महासचिव राजीव शर्मा, गंगासरन खड़गवंशी, महिपाल सिंह, वीर सिंह, नासिर अली, संजय कुमार, आफताब आलम, जयप्रकाश सैनी, केदारनाथ, शेर सिंह भड़ाना, वीर सिंह त्यागी, विशाल शर्मा, मंगलसेन शर्मा, नुसरत अली, अरुण कुमार, इमरान आलम आदि रहे।