चंदौसी। यूपी बोर्ड की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। अब यूपी बोर्ड की ओर से वेबसाइट के साथ-साथ फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मॉडल पेपर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही यू- ट्यूब पर वीडियो के माध्यम से बोर्ड परीक्षा की तैयारी और दबाव से बाहर निकलने के उपाय भी बताए जाएंगे।
जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के 17 राजकीय, 37 सहायता प्राप्त व 237 वित्तपोषित विद्यालय हैं। इन विद्यालयों के हाईस्कूल के लगभग 26,781 और इंटर के करीब 23,414 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा में बेहतर नतीजों के लिए बोर्ड ने विषय विशेषज्ञों की टीम से विषयवार टिप्स तैयार करवाए हैं। इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि सुनने में आया है कि बोर्ड की तरफ से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मॉडल पेपरों को उपलब्ध कराया जाएगा। लेकिन इसका अभी कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। साथ ही बोर्ड परीक्षा को लेकर जो भय छात्र- छात्राओं के मन में रहता है। उसे दूर करने के लिए यू-ट्यूब पर सामग्री उपलब्ध रहेगी। बताया कि परीक्षा के दौरान खासी सक्रियता रहेगी।