अमरोहा। धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर बाजारों में रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। छह नवंबर से 12 नवंबर तक शहर में भारी और मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को शहर के बाहरी मार्गों से निकाला जाएगा। इसके लिए सात अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं, टीपी नगर से अतरासी तिराहे तक अमरोहा-नौगावां मार्ग पर ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन पर भी रोक रहेगी।
सीओ ट्रैफिक अजय श्रोतिया ने बताया कि अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा बाईपास होते हुए पाकबड़ा के रास्ते जाएंगे। नौगावां से अमरोहा और मुरादाबाद जाने वाले वाहन यहियापुर बाईपास का प्रयोग करेंगे। नौगावां से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन रज्जाकपुर बाईपास से धनौरा बाईपास होते हुए अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
अतरासी चौकी हाईवे से अमरोहा आने वाले मालवाहक वाहन आरटीओ से कल्याणपुरा रोड, बंबूगढ़, काकरसराय, काठ रोड और माया धर्मकांटा होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। शहर के अंदर से जोया, मुरादाबाद और दिल्ली हाईवे की ओर जाने वाले भारी वाहन काकरसराय से बंबूगढ़ होते हुए जोया हाईवे पहुंचेंगे। अमरोहा से नौगावां जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से माया धर्मकांटा और काठ रोड का इस्तेमाल करेंगे।
वहीं, जोया से अमरोहा आने वाले भारी वाहन बंबूगढ़, काकरसराय और माया धर्मकांटा-कैलसा रोड से शहर में प्रवेश करेंगे। बाजारों में भीड़ को देखते हुए छोटे चार पहिया वाहनों का भी जरूरत के अनुसार डायवर्जन किया जाएगा।