हाईवे पर रूट डायवर्जन को लेकर बैरियर लगाकर तैनात यातायात पुलिस। संवाद
अमरोहा। कार्तिक पूर्णिमा पर जाम से निपटने के लिए जिला प्रशासन में रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। इसके लिए हाईवे पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। सोमवार दोपहर 12 बजे से हाईवे पर भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। जबकि मंगलवार की दोपहर 12 बजे से पांच नवंबर की रात 12 बजे तक सभी वाहनों पर पाबंदी रहेगी। सभी वाहन वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे।
मुरादाबाद की तरफ से आने वाले वाहन पाकबड़ा और दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन गढ़मुक्तेश्वर चौराहे से डायवर्ट किए जाएंगे। टीएसआई अनुज मलिक ने बताया कि चार नवंबर की दोपहर 12 बजे से पांच नवंबर की रात 12 बजे तक हाईवे पर कार, जीप, पिकअप, छोटा हाथी व अन्य वाहनों के चलने पर भी पाबंदी लगा दी जाएगी। सिर्फ तिगरी मेला व ब्रजघाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन चलेंगे।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि तिगरी मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। मेला छह नवंबर तक चलेगा। जबकि, मुख्य स्नान 5 नवंबर की सुबह होगा। इसकी पूर्व संध्या पर चार नवंबर को दीपदान किया जाएगा। मेले में 35 से 40 लाख श्रद्धालु के
पहुंचने का अनुमान है।
श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई दिक्कत न हो इसके लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा रहा है।