अमरोहा। तीन दिन की तेज धूप और उमस के बाद बृहस्पतिवार सुबह मौसम बदल गया। आंधी और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ करीब आधे घंटे झमाझम बारिश हुई। इससे शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं और राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी हुई। बारिश के बाद कुछ देर मौसम सुहावना रहा, फिर तेज धूप निकल आई।
सुबह करीब छह बजे बादल छाने के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। आंधी से कई स्थानों पर धान और गन्ने की फसल खेतों में गिर गई। किसानों ने तैयार हो रही फसल को नुकसान की आशंका जताई है। करीब आधे घंटे बाद बारिश थम गई और सुबह करीब 10 बजे धूप निकल आई। हालांकि दिनभर बादल छाए रहे। निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव से आवागमन प्रभावित हुआ। बारिश के बाद धूप निकलने से उमस बढ़ गई।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ पवन शुक्ला ने बताया कि बारिश के चलते अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश की संभावना है। बीच-बीच में धूप निकल सकती है। मौसम साफ होने के बाद उमस और तेज धूप परेशान कर सकती है।