अमरोहा। पिछले दिनों बारिश के बाद गर्मी और उमस बढ़ गई है। लोग बेहाल हो उठे हैं, जिससे अस्पताल में मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। दो दिन की बंदी के बाद सोमवार को अस्पताल में मरीजों की भीड़ लग गई। मरीजों को चिकित्सकों को दिखाने और दवा के लिए जूझना पड़ा। फिजिशियन कक्ष, बाल रोग विशेषज्ञ व अन्य चिकित्सक कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही।
लगातार तीन दिनों तक हुई हल्की बारिश के बाद बीमारियां बढ़ गईं। लोग बीमारियों की गिरफ्त में आने लगे हैं। बारिश के बाद मौसम में उमस बढ़ गई है। इसका सीधा असर अस्पतालों में देखने को मिल रहा है। इस मौसम में लोग बुखार, डायरिया, खांसी-जुकाम, एलर्जी से ग्रस्त होने लगे हैैैं। सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक देखने को मिली। यहां करीब 800 मरीज पहुंचे। इस दौरान रजिस्ट्रेशन के लिए मरीज और तीमारदार मारामारी करते दिखे तो वहीं ओपीडी के बाहर भी लाइन लगी रही। डॉ. चरन सिंह ने इस मौसम में खानपान से लेकर तेज धूप और गर्मी में एहतियात बरतने की सलाह दी है।
फिर 38 डिग्री पर पहुंचा जिले का तापमान
जिले का तापमान एक बार फिर 38 डिग्री पर पहुंच गया है, जिसके चलते गर्मी बढ़ गई। दोपहर में तेज धूप के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रिकार्ड किया गया। भीषण गर्मी के चलते लोग बीमारी के शिकार हो रहे हैं। बच्चों को सबसे ज्यादा डायरिया प्रभावित कर रहा है।
ये बरतें सावधानियां
- बच्चों को धूप में घर से बाहर न निकलने दें।
- खुले स्थानों पर बिक रहे खाद्य पदार्थ न खाएं।
- ठंडे पदार्थ की चीजें खाने से बचें।
- बच्चों को नमक-चीनी का घोल दें।
- मौसमी फल खूब खाएं और तरल पदार्थ लेते रहें।
- उल्टी-दस्त होने पर बच्चों को चिकित्सक को दिखाएं।