अमरोहा। स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का आगाज 17 सितंबर से होगा। सोमवार को डीएम ने अभियान की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। एक पखवाड़े तक चलने वाले अभियान के तहत स्वास्थ्य इकाइयों पर जांच व रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान दो अक्तूबर तक चलेगा।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी तैयारियां समय से कर लें। उन्होंने अभियान को व्यापक व प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यालयों में स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत विभिन्न क्रियाकलाप कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने अभियान की रूपरेखा से अवगत कराया। बताया कि जिला अस्पताल सहित प्राथमिक, सामुदायिक व स्वास्थ्य केंद्रों पर शिविर आयोजित होंगे। 17 सितंबर से शुरू हो रहे विशेष महिला स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं में स्वास्थ्य व पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार, बीएसए डॉ. मोनिका सिंह, डीपीआरओ पारुल सिसौदिया, ईओ डॉ. बृजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।