अमरोहा/ जोया। दो माह से वेतन न मिलने से नाराज स्वास्थ्यकर्मियों ने जिला अस्पताल में धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने सीएमओ को संबोधित ज्ञापन सीएमएस डॉ. एके भंडारी को सौंपकर जल्द वेतन दिलाए जाने की मांग की है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में एनएचएम योजना के तहत कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों ने बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन कर दो माह से वेतन न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को संबोधित सीएमएस को सौंपते हुए कहा कि मार्च व अप्रैल माह का किसी भी कर्मचारी को अभी तक वेतन नहीं मिला है। परिवार का पालन पोषण करने में कठिनाइयों को सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने समस्त कर्मचारियों को जल्द वेतन दिलाने की मांग की है। इस दौरान मनीष चौहान, देवराज, रिफाकत, जोगेंद्र कुमार, अशोक कुमार, चंद्रमुखी, तरन्नुम, नेहा, अमित कुमार, मौजूद रहे। उधर जोया सीएचसी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारियों के पदाधिकारियों ने दो माह से वेतन न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई है। सीएमओ डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि संविदा कर्मचारियों को वेतन को लेकर बजट शासन से मिल गया है। एक दो दिन में इन सभी कर्मचारियों का मानदेय दिया जाएगा।