चाचा को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए भतीजे ने अपने ही घर में आग लगा दी। उसने परिजनों से झूठी गवाही देने को कहा। मना करने पर परिजनों से मारपीट की। मारपीट से परेशान पिता ने बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यह मामला नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव धनौरी मीर का है। गांव निवासी शमशाद का आरोप है कि उसका बेटा मोहम्मद अनस अपने चाचा इरशाद से रंजिश रखता है। वह आए दिन इरशाद को झूठे मुकदमे में फंसाने की फिराक में रहता है। तीन अप्रैल को भी अनस ने खुद ही अपने घर में आग लगा दी और इसका आरोप इरशाद पर लगाया। मामले में गवाही देने के लिए उसने अपनी मां, भाई व बहन से कहा। इन्कार करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की।
शनिवार को भी आरोपी अनस ने परिवार वालों के साथ मारपीट की। मारपीट की घटना का वीडियो भी बना लिया। पिता शमशाद ने बेटे के खिलाफ तहरीर दी थी। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।