हसनपुर के गांव पिपलौती खुर्द में घटनास्थल पर बिलखती युवक के परिजन।
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला अमरोहा
मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हत्या की वजह युवक का दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम-प्रंसग होना बताया जा रहा है।
गांव पिपलौती खुर्द निवासी शाने आलम (18) पुत्र मोहम्मद अली गांव में किराये की दुकान लेकर वेल्डिंग का काम करता था। अधिकांश वह देर रात 12 बजे तक दुकान बंद कर घर पहुंचता था। शनिवार की रात युवक आधी रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। लेकिन, युवक का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। रविवार की सुबह गांव के निकट गंगा बांध के पास ग्रामीण गन्ना छीलने पहुंचे, तो उनकी नजर पास ही नीम के पेड़ पर गई। पेड़ पर युवक की लाश लटक रही थी।
गले में उसकी शॉल का फंदा कसा था। चेहरे पर चोटों के निशान थे। जिन्हें देखकर ऐसा लग रहा है कि मारपीट के बाद युवक की हत्या कर शव लटकाया गया है। शोर मचने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जानकारी होने पर परिजन भी रोते बिलखते घटना स्थल पहुंचे। पुलिस को वारदात की खबर दी गई। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। शव को उतार कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अजय कुमार ने भी मौके पर पहुंच कर परिजनों ने घटना के बाबत जानकारी हासिल की। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही विक्रम, कुंवरपाल और विनोद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताते हैं कि युवक का गांव में ही दूसरे समुदाय की एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसकी भनक युवती के परिजनों को लग गई थी।