हसनपुर (अमरोहा)। अवैध रूप से कारतूस की बिक्री, परिवहन, भंडारण व खपत आदि जैसे जघन्य अपराध में लिप्त सक्रिय हसनपुर के प्रतीक सक्सेना को अपराधी के रूप में चिह्नित करते हुए पुलिस प्रशासन ने कारतूस माफिया घोषित किया गया है।
सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हसनपुर की आख्या के आधार पर मोहल्ला कायस्थान निवासी प्रतीक सक्सेना जोकि शातिर किस्म का अपराधी है। उसके द्वारा अवैध रूप से कारतूस की बिक्री, परिवहन, भंडारण व खपत आदि जैसा जघन्य अपराध कार्य किया गया। इसके द्वारा किए गए अपराधों से आम जनमानस में भय व्याप्त है। इसके अपराधों को दृष्टिगत रखते हुए प्रभावी नियंत्रण/निगरानी के लिए कारतूस माफिया घोषित किया गया। उन्हाेंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हसनपुर और फिरोजाबाद की जीआरपी टूंडला जंक्शन थाने में आयुध अधिनियम व गैंगस्टर अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत है।
ये था मामला कारतूस प्रकरण
-22 अप्रैल की सुबह जनपद फिरोजाबाद के टूंडला में रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी ने दो लोगों को पकड़ा था। उनके पास से करीब 700 से अधिक अवैध कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में आरोपियों ने कारतूस अमरोहा जनपद के हसनपुर के प्रतीक सक्सेना से खरीदे जाने की बात कबूल की थी। आगरा पुलिस अधीक्षक रेलवे मोहम्मद मुश्ताक से इनपुट मिलने के बाद हसनपुर पुलिस ने कस्बे के मोहल्ला कायस्थान स्थित हरदयाल सिंह एंड संस के स्वामी सुशील चंद्र सक्सेना को हिरासत में लेकर उसके बेटे प्रतीक सक्सेना निवासी मोहल्ला कायस्थान थाना हसनपुर को गिरफ्तार कर लिया था।