कॉलेज से घर लौट रही कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की छात्राओं से सोमवार को बाइक सवार तीन युवकों ने रास्ते में छेड़खानी शुरू कर दी। आरोप है कि, छात्राओं को खेत में खींचने की भी कोशिश की। गनीमत रही कि, छात्राओं का शोर सुनकर लोग पहुंच गए।
लोगों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा भाग गया। भीड़ ने दोनों को जमकर पीटा। बाद में पुलिस को सौंप दिया। पकड़ा गया आरोपी सपा युवजनसभा के एक नेता का रिश्ते में भाई बताया जा रहा है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की दो छात्राएं हसनपुर में एक इंटर कालेज में कक्षा 12 में पढ़ती हैं। छुट्टी के बाद दोनों छात्राएं दोपहर करीब तीन बजे अपनी-अपनी साइकिल से घर लौट रहीं थीं। हसनपुर-रहरा रोड पर गांव शाहपुर के पास सरेराह बाइक सवार तीन युवकों ने दोनों छात्राओं का रास्ता रोक लिया और छेड़खानी करने लगे।
आरोप है कि, छात्राओं की पिटाई कर खेत में खींचने की भी कोशिश की। इधर, छात्राओं का शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी छात्राओं को जान से मारने की धमकी देते हुए भागने लगे, मगर भीड़ ने दो को दबोचकर खूब खबर ली। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई, लोगों ने दोनों आरोपियों और उनकी बाइक को पुलिस को सौंप दिया।
वहीं,वारदात के बाद तमाम लोग भाजपा नेता और पूर्व ब्लाक प्रमुख महेंद्र सिंह खड़गवंशी के नेतृत्व में कोतवाली भी पहुंच गए। खूब हंगामा हुआ । एसएसआई आरके सिंह ने बताया कि सरफराज पुत्र कलुवा, राशिद पुत्र शब्बीर व सलीम पुत्र शब्बीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जबकि सरफराज व राशिद को पकड़ लिया गया।
सपा नेता ने रिश्ता होने से किया इंकार
हसनपुर(ब्यूरो)। सरेराह इंटर की छात्राओं से छेड़खानी के मामले में भीड़ की ओर से पकड़े गए सरफराज पुत्र कलुआ निवासी शाहपुर कला को सपा युवजन सभा के नेता का तहेरा भाई बताया जा रहा है। हालांकि सपा नेता ने आरोपी से किसी भी प्रकार का रिश्ता न होने की बात कही है। उनका कहना है कि, आरोपी पर पुलिस कार्रवाई करे।