अमरोहा। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) में शिक्षकों की तैनाती के कारण टाली गईं परिषदीय स्कूलों की अर्धवार्षिक परीक्षाओं को टाल दिया गया था। अब इन परीक्षाओं का आयोजन 10 दिसंबर से शुरू होगा। विभाग इसके लिए तैयारियों में जुटा है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पहले छमाही परीक्षा का कार्यक्रम 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक निर्धारित किया गया था। एसआईआर की प्रक्रिया चार दिसंबर तक होने से बाद में इन परीक्षाओं को टाल कर 10 दिसंबर से शुरू करने के शासन ने आदेश दिए थे। इस बीच सर्वे की तिथि बढ़कर 11 दिसंबर हो गई है।
परीक्षाओं के लिए नया आदेश न आने से विभाग अब 10 से 15 दिसंबर के बीच कराने के लिए तैयारी कर रहा है। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में होगा। कक्षा एक की परीक्षा मौखिक रूप से होगी। जबकि कक्षा दो से पांच तक की परीक्षा लिखित व मौखिक दोनों रूप में आयोजित की जाएंगी। वहीं कक्षा छह से आठ तक की लिखित परीक्षाओं का आयोजन होगा। बीएसए डॉ. मोनिका ने बताया कि परीक्षा के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।