गांव ढकिया चमन निवासी हाफिज एजाज (22) की सऊदी अरब में हुए हादसे में मौत हो गई। वह सऊदी में पानी का टैंकर चलाते थे। परिजनों के मुताबिक 26 अप्रैल की शाम उनका टैंकर अनियंत्रित होकर करीब 160 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
मृतक हाफिज एजाज गांव ढकिया चमन निवासी किसान याकूब अली के बेटे थे। याकूब अली के परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटे और तीन बेटियां हैं। सबसे बड़े बेटे इरशाद अली दो साल से सऊदी अरब के रियाद में नौकरी करते हैं। जबकि, उनके चौथे नंबर के बेटे हाफिज एजाज करीब आठ माह पहले इमामत करने के लिए सऊदी अरब गए थे। लेकिन, यहां उन्हें इमामत नहीं मिली तो उन्होंने पानी के टैंकर पर चालक के पद पर नौकरी करनी शुरू कर दी थी।
परिजनों के मुताबिक 26 अप्रैल की शाम को हाफिज एजाज पानी का टैंकर लेकर जा रहे थे। रास्ते में उनका टैंकर अनियंत्रित हो गया और करीब 160 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में हाफिज एजाज की मौके पर मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों ने अमरोहा प्रशासन के साथ भारत सरकार से हाफिज एजाज के शव को वापस लाने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। उधर, ग्राम प्रधान पति जियाउल हक ने बताया कि हाफिज एजाज के शव को भारत लाने के लिए सरकार से मांग की गई है।