लैपटॉप न मिलने पर छात्राओं को गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साई छात्राओं ने शिवानी बैंक्वेट हाल के बाहर प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप है कि अधिक अंक प्राप्त करने वाली विद्यार्थियांे के नाम सूची में नहीं हैं। लैपटॉप लेने की जिद पर छात्राएं दो घंटे तक कलक्ट्रेट में डटी रहीं। डीएम ने डीआईओएस को कार्यालय तलब करते हुए चयन सूची के संबंध में पूछताछ की।
सोमवार को शिवानी बैंक्वेट हाल में लैपटॉप वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें यूपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड से वर्ष 2014 में इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की परीक्षा पास करने वाले 474 मेधावियों को लैपटॉप वितरित किए गए। इस दौरान राजकीय इंटर कालेज अमरोहा, जेएस हिंदू इंटर कालेज, बीडी वर्क्स इंटर कालेज अमरोहा, एडब्ल्यू फैजे आम, वैष्णो कन्या इंटर कालेज, एएसएम इंटर कालेज खाता समेत कई कालेजों की छात्राओं न लैपटॉप न मिलने पर शिवानी बैँक्वेट हाल के बाहर प्रदर्शन करते हुए चयन सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
गुस्साई छात्राओं ने जिला प्रभारी मंत्री साहब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री महबूब अली आदि की गाड़ी का घेराव करने का प्रयास किया लेकिन मंत्रियों की गाड़ी गुजरने से पहले ही पुलिस ने सख्तंी दिखाते हुए छात्राओं को रोक दिया। पुलिस की सख्ती के चलते छात्राएं मंत्रियों की गाड़ी का घेराव नहीं कर पाई। जैसे ही मंत्री और अफसरों की गाड़ियों का काफिला कार्यक्रम स्थल से गुजरा वह सड़क पर उतर आई। हाय-हाय के नारे लगाती हुई छात्राएं कलक्ट्रेट तक पहुंची।
करीब दो घंटे तक कलक्ट्रेट में छात्राओं का प्रदर्शन चलता रहा। छात्राओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर लैपटॉप दिलाने की मांग की। लैपटॉप वितरण की सूची में गड़बड़ी का आरोप भी लगाया। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए डीआईओएस को कार्यालय तलब किया।
डीआईओएस से चयन प्रक्रिया के संबंध में पूछताछ की। डीआईओएस ने बताया कि छात्राओं के आरोप निराधार है। शासन की गाइड लाइन के अनुसार पात्रों का चयन किया गया है। डीएम और डीआईओएस ने छात्राओं को समझा बुझाकर शांत किया। प्रदर्शन में ज्योति, काजल, गरिमा, अमरीन, गुलफशा, अशमा, तहुरा, अर्चना, रूबी, प्रिया, सुधा, आकांक्षा, गुलफशा रहीं।