अमरोहा। खादर क्षेत्र में कीकर के जंगल में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का हसनपुर और सैदनगली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मौके पर एक बंदूक और चौबीस बने और अधबने तमंचे बरामद किए हैं। भारी मात्रा में शस्त्र तैयार करने के उपकरण मिले। पंचायत चुनाव में इस्तेमाल करने के लिए अवैध शस्त्रों को निर्माण किया जा रहा था। डिमांड के अनुसार 12 बोर और 315 के तमंचे तैयार किए जाते हैं। पुलिस ने फैक्ट्री चलाने वाले गैंगस्टर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गुरुवार को एसपी डॉ विपिन ताडा ने पुलिस ऑफिस में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सीओ मोनिका यादव के पर्यवेक्षण में गुरुवार को हसनपुर और सैदनगली पुलिस ने आगामी ग्राम पंचायत चुनाव के ध्यानार्थ ढकिया खादर के जंगल से चल रही अैध शस्त्र फैक्ट्री पर छापा मार कर कार्रवाई की। यहां पर एक बंदूक और 24 बने-अधबने तंमचे समेत भारी मात्रा में अधैव शस्त्र और कारतूस बरामद हुए। हथियार तैयार करने के उपकरण भी मिले। पुलिस ने मौके पर गैंगस्टर निषाद उर्फ चिपा निवासी मोहल्ला कुरैशियान कस्बा उझारी को मौके पर गिरफ्तार किया गया। जबकि मौके से भागे इसके साथी अनस निवासी मोहल्ला कुरैशियान सैदनगली पकड़ लिया गया। एसपी के मुताबिक दोनों आरोपी कई बार गोवंशीय पशु कटान और अवैध शस्त्र अधिनियम के आरोप में जेल जा चुके हैं। आगामी ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर ढकिया खादर के किकर के जंगल में अवैध शस्त्रों की फैक्ट्री चलाकर अवैध शस्त्रों का निर्माण कर रहे थे।
डिमांड के अनुसार तैयार करते हैं अवैध शस्त्र, रेट भी फिक्स
अमरोहा। डिमांड के अनुसार अवैध शस्त्रों को तैयार करते हैं। इनके पास 12 बोर के तमंचे की कीमत चार से पांच हजार रुपये और 315 बोर के तमंचे की कीमत छह हजार रुपये है। जबकि बंदूक को 12 से 15 हजार रुपये में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते हैं।
अवैध शस्त्र फैक्ट्री में यह सामान हुआ बरामद
अमरोहा। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया खादर के जंगल में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री में एक बंदूक 12 बोर, 24 बने और अधबने तमंचे, 10 कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा 16 ट्रेगर, पांच ब्लेड लोहा काटने वाले, चार गोल रेती, एक छोटी हथौडी, 8 छोटे-बडे बरमे, 10 स्प्रिगं, दो मीटर पीतल का तार, चार छेनी, एक सुंभी, दो पेचकस, पांच लोहे की चादर और पत्तियां, 10 गुटके, एक राड, एक ड्रिल मशीन, एक धोकनी, एक पैट्रोमेक्स, एक लोहे का बाट पांच किलो का, एक संडासी, 1 पाईपरिंच और करीब तीन किलो कोयला बरामद हुआ।
निषाद उर्फ चीपा पर गैंगस्टर समेत नौ मुकदमे, अनस पर तीन
अमरोहा। अवैध शस्त्र फैक्ट्री चलाते पड़े गए निषाद उर्फ चीपा पर गैंगस्टर और गोकशी समेत नौ मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। जबकि अनस पर गोकशी समेत तीन मामले सामने आए हैं।