हसनपुर(अमरोहा)। नगर के एक मैरिज होम में दूल्हे के पिता का नकदी से भरा बैग चोरी हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शादी समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। बताते हैं कि बैग में डेढ़ लाख से अधिक रुपये रखे हुए थे।
नगर के मोहल्ला कोट मनिहारान निवासी जगवीर सिंह गुर्जर नजीबाबाद चीनी मिल से सेवानिवृत तौल लिपिक हैं। उनके बेटे निर्भय गुर्जर की शुक्रवार की रात को नगर के बाईपास पर स्थित ताज गार्डन में शादी हुई थी। रात करीब साढ़े 11 बजे के करीब वह रुपयों से भरा बैग टेबल पर रखकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान पलक झपकते ही टेबल पर रखा रुपयों से भरा बैग एक व्यक्ति उठाकर ले गया। कुछ समय बाद उन्होंने देखा तो युवक वहां से निकल चुका था। घटना की जानकारी मिलने पर शादी समारोह में आए लोगों में खलबली मच गई। मैरिज हाेम में लगे सीसीटीवी कैमराें में एक युवक बैग लेकर जाता हुआ पीछे से दिखाई दे रहा है। हालांकि उसका चेहरा नहीं दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों व अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताते हैं कि बैग में करीब 75 हजार की नकदी एवं अन्य लिफाफे समेत डेढ़ लाख से अधिक की रकम रखी हुई थी। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।