फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: पोती की शादी की खुशी में थिरकी दादी को आया हार्टअटैक, बेटी की विदाई से पहले पिता ने दुनिया को कहा अलविदा

Thu, 15 Feb 2024 02:20 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा

सार

उत्तर प्रदेश के अमरोहा के गजरौला में एक महिला अपनी पोती की शादी में डांस कर रहीं थीं। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और मौत हो गई, जबकि रामपुर जिले के स्वार में एक पिता की बेटी की शादी से पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई।
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमरोहा के गजरौला में घर में पोती की शादी की खुशी का माहौल था। बुधवार दोपहर दो बजे बराती डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान दुल्हन की दादी तारादेवी (60) भी खुशी में थिरकने लगीं। तभी उनके सीने में दर्द उठा और वह गश खाकर गिर गईं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, चिकित्सक ने तारा देवी की मौत हार्टअटैक से होना बताया है।
विज्ञापन


मामला गजरौला ब्लॉक क्षेत्र के गांव लखमिया का है। यहां पर सफाई कर्मी सतीश कुमार का परिवार रहता है। बुधवार को सतीश की बेटी की शादी थी। उनके घर दोपहर दो नौगावां सादात क्षेत्र के नौगावां तगा से बरात आई थी। बरात चढ़त के दौरान बराती डीजे पर थिरक रहे थे। 

बताया जा रहा है कि पोती की शादी की खुशी में उसकी 60 वर्षीय दादी तारा देवी भी थिरकने लगी। तभी उनके सीने में दर्द उठने लगा। अचानक हालत खराब होने के कारण वह नीचे गिर गईं। परिजन तारा देवी को तुरंत गजरौला सीएचसी लेकर आए, जहां पर चिकित्सक ने तारा देवी को मृत घोषित कर दिया। 
विज्ञापन


जिसके बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। औपचारिक तरीके से विवाह की रस्में पूरी की गईं। शाम के समय गमगीन माहौल में बेटी को विदा किया गया, उसके बाद दादी की अर्थी उठी। परिजनों ने तारा देवी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

बेटी को विदा करने से पहले पिता ने दुनिया को कहा अलविदा

उधर, रामपुर के स्वार थाना इलाके के धनौरी गांव में बुधवार को बेटी की शादी के दिन ही प्यारे लाल (65) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शादी के घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। हाथों में मेहंदी रचाए दुल्हन बनी ममता (20) पिता की मौत से बेसुध हो गई। पिता के अंतिम संस्कार के बाद शाम को बारात आई और शादी की रस्में हुईं। उसके बाद ममता की विदाई हुई।

बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के धनौरी गांव निवासी प्यारे लाल मौर्य की चार संतानों में इकलौती बेटी ममता का रिश्ता निकटवर्ती धनौरा गांव के 22 वर्षीय मुनीष पुत्र हरिचंद के साथ होना था। बुधवार को दिन में ही बारात आनी थी। घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। ममता सज-संवरकर दुल्हन बनकर तैयार थी। सुबह करीब 10 बजे ममता के पिता प्यारे लाल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। प्यारे लाल को तीन साल पहले लकवा मार गया था। तब से वह बिस्तर पर लेटे रहते थे। उसके पहले वह खेती करते थे।
 

प्यारेलाल के निधन से खुशियों के गीत जगह चीख-पुकार को शोर सुनाई देने लगा। दुल्हन बनी ममता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। प्यारे लाल के निधन की जानकारी मिलने पर वर पक्ष के लोग भी पहुंच गए। ममता के बड़े भाई नेतराम समेत अन्य परिजन को ढांढस बंधाया और अंतिम संस्कार कराया। शाम को बिना बैंडबाजे के सादगी से बारात आई और शादी की रस्में अदा की गईं। देर शाम ममता को विदा कर दिया गया।

आठ साल पहले मां का हो चुका है निधन
ममता अपने तीन भाइयों की इकलौती बहन है। ममता की मां शकुंतला का करीब आठ साल पहले निधन हो चुका है। उसके बाद तीन साल पहले ममता के पिता को लकवा मार गया था। पिता को चिंता थी कि उनके जीते जी ममता का घर बस जाए। वह घड़ी बुधवार को आई भी लेकिन बेटी को विदा करने से पहले ही प्यारे लाल दुनिया को अलविदा कह गए। वह अपनी इकलौती बेटी की विदाई भी न कर सके।
विज्ञापन

ममता की विदाई में भर आईं सभी की आंखें
पिता प्यारे लाल के अंतिम संस्कार के बाद बेटी ममता की विदाई हुई तो परिवार सहित गांववासियों की आंखों में आंसू थे। ममता की शादी के लिए गांव के मंदिर परिसर में भव्य पंडाल बनाया गया था। डीजे की व्यवस्था थी लेकिन प्यारे लाल की मौत के बाद सारे इंतजाम धरे रह गए। सादगी के साथ बरात आई और शादी की रस्में हुईं। ममता विदाई के समय भाई नेतराम, हरीश व विक्रम और सभी ग्रामीणों की आंखें नम थीं। बिन मां की ममता को विदाई के समय पिता का भी आशीर्वाद नसीब नहीं हुआ। ग्राम प्रधान पति राजेश कुमार मौर्य समेत गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए शादी के मंडप में मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें