शिक्षा को रुचिकर बनाने व बच्चों को आसानी से विषयों को समझाने के लिए टीएलएम यानी शिक्षण अधिगम सामग्री तैयार करने को बजट जारी कर दिया गया है। हर राजकीय विद्यालय को पांच हजार रुपये का बजट आवंटित हुआ है, जिससे शिक्षक विषयों से संबंधित सामग्री तैयार कर आसानी से बच्चों की जिज्ञासाओं को शांत कर सकेंगे।
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों का शिक्षण कार्य उनकी व्यक्तिगत आवश्यकताओं और रुचि के अनुरूप विशेष शिक्षण सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से कराया जाएगा। टीएलएम निर्माण में विद्यार्थियों की सहायता भी ली जाएगी। इसके लिए शिक्षकों को एक दूसरे स्कूलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इससे टीएलएम तैयार करने में आसानी हो सकेगी।
टीएलएम के निर्माण को प्रधानाचार्यों को विषयवार शिक्षकों की बैठक लेनी होगी। निर्देशों में कहा गया है कि टीएलएम ऐसी सामग्रियों से तैयार किया जाए, जो स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो सके। विद्यालय में अगर एक विषय के अधिक शिक्षक तैनात होंगे, तो वह अलग-अलग टॉपिक पर अपना टीएलएम तैयार करेंगे। टीएलएम से बच्चों को आसानी से विषयों को समझाया जा सकेगा। इसके लिए समग्र शिक्षा माध्यमिक की ओर से पांच हजार रुपये प्रति राजकीय विद्यालय के लिए बजट जारी किया गया है। जिला समन्वयक माध्यमिक समग्र शिक्षा मदन पाल सिंह ने बताया कि सभी स्कूलों द्वारा टीएलएम सामग्री तैयार कराई जाएगी।