रजबपुर। हाईवे पर गांव खाता के अड्डे पर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान को चोरों ने निशाना बना लिया। बुधवार रात गेट तोड़कर अंदर घुसे चोर करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। दुकान के बाहर वाहन के टायरों के निशान मिले। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
गांव खाता निवासी जयप्रकाश सिंह हाईवे पर गांव के अड्डे के पास इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाते हैं। बुधवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में चोरों ने गेट तोड़कर दुकान में रखा अधिकांश सामान समेट लिया। बृहस्पतिवार सुबह दुकान पहुंचे तो गेट टूटा मिला और सामान गायब था। बाहर जमीन पर वाहन के टायरों के निशान भी मिले। आशंका है कि चोर सामान वाहन में लादकर हाईवे के रास्ते भागे हैं। जयप्रकाश के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
पुलिस ने मौके पर जांच की। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चोरों की तलाश की जा रही है। संवाद