हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र में अब चोरों ने गांव बावनखेड़ी में आम कारोबारी के घर से पांच लाख की नकदी और सोने चांदी के आभूषण समेत आठ लाख का माल चोरी कर लिया। इसके अलावा दो घरों में और चोरी की कोशिश की गई। एक घर से छह सौ की नकदी व दूसरे घर में जाग होने पर चोर फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।
गांव बावनखेड़ी में आम कारोबारी ताहिर का परिवार रहता है। ताहिर लकड़ी का काम भी करते हैं। रोजाना की तरह रविवार की रात को ताहिर परिवार के लोगों के साथ घर के आंगन में सोए हुए थे। उनका घर गांव के बाहरी छोर पर बना हुआ है। मध्यरात्रि में चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गए। सेफ अलमारी का ताला खोलकर तीन तोले सोने के आभूषण, 12 तोले चांदी के आभूषण व पांच लाख की नकदी समेत करीब आठ लाख का माल चोरी कर लिया।
इसके अलावा चोर गांव निवासी फुरकान के घर में घुसे। यहां चोरों को ज्यादा कुछ नहीं मिला। केवल 600 रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। इसके बाद चोर गांव निवासी शौकीन के घर में दाखिल हो गए। घटना के वक्त शौकीन की बारह वर्षीय बेटी समरीन टॉयलेट में गई हुई थी। जैसे वह टॉयलेट से बाहर निकली तो घर में दो चोरों को देखकर शोर मचा दिया। जाग होने पर चोर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।