दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामला गजरौला क्षेत्र के गांव कांकाठेर का है।
गांव निवासी हरिराम की घर के बराबर में परचून की दुकान है। वह रविवार रात दुकान बंद कर घर में सो गए। आधी रात के बाद वह उठे तो दुकान में आग लगी थी। उनके शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और आग बुझाने में जुट गए। इस बीच ग्राम प्रधान अर्चना देवी और उनके पति ने दमकल कर्मियों को सूचना देने के लिए फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकान स्वामी हरिराम का कहना है कि आग कैसे लगी, यह पता नहीं चल पाया है। उनका आरोप है कि आग रंजिशन लगाई गई है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि आग लगने की जानकारी नहीं मिली। सूचना आती तो स्टाफ जरूर जाता।