रजबपुर क्षेत्र के गांव कालाखेड़ा निवासी सोनू की पत्नी तरन्नुम बृहस्पतिवार को दिल्ली से लौट रही थी। वह गाजियाबाद के लाल कुआं से एक कार में बैठी हुई। कार चालक ने उनका बैग पीछे रखवा दिया। कार में पहले से ही तीन अन्य यात्री भी बैठे थे। गजरौला में चौपला के पास कार में सवार तीनों लोग उतर गए। वहीं, शाम चार बजे वह भी गांव के सामने कार से उतर गईं। महिला ने गांव में जाकर बैग खोलकर देखा तो उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। जिनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।
महिला का आरोप है कि कार से चौपला पर उतरे तीनों लोगों ने उनके बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। तरन्नुम का आरोप है कि तीनों कार चालक के परिचित हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिससे यह पता चल सके कि कार से उतरने वाले कौन थे। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि इस संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।