संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा कमरें में पंखे से दुपट्टा का फंदा लगा कर झूल गई। पता लगने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और परिजनों के आग्रह पर शव का पंचनामा भर कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव पलोला निवासी छात्रा एक डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताते हैं कि मंगलवार की दोपहर छात्रा घर पर अकेली थी। काफी देर बाद जब मृतका का भाई घर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बंद था। उसने अपनी बहन को आवाज दी लेकिन कोई जवाब न मिलने पर उसने कमरे का दरवाजा खोला तो उसकी चीख निकल गई। उसकी बहन पंखे से लटकी थी। गले में दुपट्टे का फंदा कसा था। शोर मचने पर परिवार के अन्य लोग और पास पड़ोस के लोग मौके पर आ गए। छात्रा को नीचे उतारा। उधर पता लगने पर पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों ने किसी कार्रवाई से इनकार कर दिया। जिससे पुलिस ने पंचनामा भर कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं परिजनों का कहना है कि छात्रा की अपनी बहनों से कहासुनी हो गई थी।