गंगेश्वरी क्षेत्र के गांव रहरा में पुलिस चौकी के सामने बाइक से टकराने के बाद खाद्य एवं रसद विभाग के सलाहकार देवीसहाय राणा के बेटे की नई बोलेरो खंती में पलट गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान घायल एक बच्ची ने दम तोड़ दिया। परिजनों में कोहराम मचा है।
आदमपुर थाना इलाके के गांव पुटसल निवासी एवं खाद्य एवं रसद विभाग के सलाहकार देवी सहाय राणा के बेटे उमेश का कई दिन पहले रिश्ता हुआ था। रिश्ते में बेटे को बोलेरो मिली थी। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को उमेश राजकीय डिग्री कालेज रहरा के ग्राउंड में बोलेरो सीख रहा था।
वापस सड़क पर लाने की कोशिश में पुलिस चौकी ठीक सामने अनियंत्रित होकर बोलेरो की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद बोलेरो खंती में पलट गई। जबकि बाइक सवार गवां क्षेत्र के गांव ककरोरा निवासी विजयपाल व उसकी दो बेटियां निशा (07) व विवाहित बेटी आशा (21) घायल हो गए।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। मामले में समझौते का प्रयास किया जाने लगा था। लेकिन दोपहर को मासूम निशा को गंभीर हालत में रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मासूम बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।