नौगावां सादात/जोया। जिले में रसोई गैस की किल्लत लगातार गहराती जा रही है। नौगावां सादात में छठवें दिन गैस आपूर्ति तो हुई, लेकिन हालात में कोई खास सुधार नहीं दिखा। गैस एजेंसी पर सिलिंडर पहुंचने की सूचना मिलते ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन महज 350 सिलिंडर ही कुछ ही देर में खत्म हो गए, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा।
जोया क्षेत्र में स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां इंडियन गैस एजेंसी पर पिछले आठ दिनों से उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। लोगों का आरोप है कि एजेंसी का गोदाम और कार्यालय अधिकांश समय बंद रहता है, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। गैस बुकिंग कराने के बावजूद समय पर डिलीवरी नहीं हो रही। लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस बीच शादी-ब्याह का सहालग शुरू होने से समस्या और गंभीर हो गई है। पर्याप्त गैस सिलिंडर नहीं मिलने के कारण लोगों को घरेलू कार्यों के साथ-साथ आयोजनों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। होटल संचालकों और हलवाइयों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसियों पर संपर्क करने की कोशिश करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, जिससे उनकी नाराजगी लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों और शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द गैस आपूर्ति को सुचारु किया जाए।