हसनपुर(अमरोहा)। गर्मी से निजात पाने के लिए गंगा में नहाने उतरे चार बच्चे गंगा में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगाें ने तीन बच्चों को तो किसी तरह से बचा लिया, जबकि दस वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। करीब डेढ़ घंटे कड़ी मशक्कत के बाद बालक का शव बाहर निकाला गया। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। डूबने वाले सभी बच्चों की उम्र सात से दस वर्ष के बीच की है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव मुबारिजपुर निवासी किसान निरोती का दस वर्षीय बेटा दिनेश कुमार अपने दादा देवी सहाय के साथ गांव के पास से गुजर रही गंगा किनारे पालेज को देखने गया था। इस दौरान पशु भी चराए जा रहे थे। दिनेश के साथ मोहल्ले के आठ वर्षीय सोमदत्त पुत्र दीनदयाल, नौ वर्षीय उसका भाई सुलेंद्र पुत्र दीनदयाल व सात वर्षीय गौरव भी मौजूद थे। बताते हैं कि ये चारों बच्चे दोपहर में गर्मी लगने के कारण गंगा में नहाने उतर गए। नहाते हुए चारों डूबने लगे। चीख की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग मौके की तरफ दौड़े। लोगों ने इनमें से सोमदत्त, सुलेंद्र व गौरव को तो सकुशल बाहर निकाल लिया। जबकि दिनेश गायब हो गया। जानकारी मिलने से तैरने में माहिर अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लापता बच्चे को तलाशने के लिए गंगा में कूद गए। करीब डेढ़ घंटे बाद उसका शव बरामद कर लिया गया। उसके पेट में काफी पानी भर गया था। शव को लेकर गांव पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। बताते हैं दिनेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह गांव में कक्षा तीन का छात्र था। बिना किसी कार्रवाई के ही शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।