गंगा द्वारा सुनपुरा खादर के सामने किया जा रहा खेतों का कटान थमने का नाम नहीं ले रहा है। खेतों का कटान कर रही गंगा की धारा पत्थर की ठोकर को काटने लगी है। जिससे तट बांध को खतरा हो सकता है। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य चंद्रपाल खड़गवंशी ने निरीक्षण कर बाढ़ खंड के अधिकारी व कर्मचारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सुनपुरा खादर गांव के सामने पत्थर की ठोकर बनी है। जिससे गंगा की जलधारा को गांव की तरफ आने से रोका जा सके। ठोकर के कारण ही बाढ़ से बचाव के लिए बना तट बांध सुरक्षित है। कई दिन से गंगा की धारा द्वारा खेतों का तेज कटान किया जा रहा है। सैकड़ों बीघा जमीन में खड़ी फसल कटान की भेंट चढ़ गईं। गंगा की जलधारा बाढ़ और कटान से बचाव के लिए बनी पत्थर की ठोकर को काटने लगी है। जिससे ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ गई हैं। रविवार को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य चंद्रपाल सिंह खड़गवंशी ने रविवार की शाम सुनपुरा सामने कटान स्थल का निरीक्षण किया। बाढ़ खंड के अधिकारी-कर्मचारियों को कटान रोकने के लिए बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बाढ़ खंड के जेई सुभाष चंद्र गहलौत का कहना है कि कटान का कार्य नियंत्रण में है।