रहरा (अमरोहा)। थाना पुलिस ने एसओजी/सर्विलांस टीम की सहायता से स्कूलों में चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए छह चोर गिरफ्तार किए। उनके कब्जे से चोरी के छह बैटरी, एक इन्वर्टर, एक डीवीआर, सोलर पैनल 10 केबी, एक सोलर इन्वर्टर, दो एलसीडी, एक सीपीयू, दो सिलिंडर, दो प्रेशर कुकर आदि बरामद किया गया।
सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि एसपी अमित कुमार आनंद द्वारा अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रहरा पुलिस ने लालापुर को जाने वाले रास्ते पर जंगल से रहरा थानाक्षेत्र के गांव पतेई खादर निवासी दीपक, पंकज, विशाल, फैसल, रिजवान और गुड्डू को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से स्कूलों में हुई चोरी का करीब तीन लाख रुपये की कीमत का सामान बरामद किया।
सीओ ने बताया कि कई दिन पूर्व क्षेत्र के रमजानी मार्डन विद्यालय छपना, कनक पब्लिक स्कूल देहरी गुर्जर, प्राथमिक विद्यालय ग्राम दमगढा, उच्च प्राथमिक विद्यालय बीझलपुर थाना आदमपुर, सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय उझारी सोंहत में चोरी की वारदात हुई थी। सीओ ने बताया कि आरेापियों ने स्कूलों में हुई चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपी पंकज के खिलाफ पांच, गुडडू के खिलाफ पांच, दीपक के खिलाफ पांच, रिजवान के खिलाफ पांच, फैसल के खिलाफ पांच, विशाल के खिलाफ पांच आपराधिक मुकदमे रहरा, आदमपुर, सैदनगली थानों में दर्ज है।