पालिका ढाई करोड़ रुपये से नगर में विकास कार्य कराएगी। सड़क, नाली-नाला बनाए जाने के साथ ही बदायूं-बिल्सी मार्ग का डिवाइडर भी दुरुस्त किया जाएगा। इसके सही होने पर पुलिस को कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए बल्ली की बैरिकेडिंग नहीं करनी पड़ेगी।
पालिका को 15वें वित्त से करीब 2.5 करोड़ रुपये मिले है। इससे नगर में विकास कार्य कराए जाएंगे। पालिका इस राशि से नगर के सभी 25 वार्डों में काम कराएगी। सीसी रोड व टाइल्स की सड़क बनाई जाएगी। नाला व नाली भी बनाए जाएंगे। मायापुरी मोहल्ले की जलभराव की समस्या के समाधान के लिए रेलवे लाइन किनारे ह्यूम पाइप दबाए जाएंगे, जिससे पानी रेलवे लाइन की पुलिया की बजाय फाजलपुर फाटक को पार कर बूढ़े बाबू के तालाब में भेजा जा सके। जलाल नगर मोहल्ले व कब्रिस्तान के पास भरे पानी की समस्या को दूर करने के लिए भी पालिका काम कराएगी। पानी को तालाब तक भेजने के लिए ह्यूम पाइप दबाए जाएंगे। पालिकाध्यक्ष राजेंद्री उर्फ उमा देवी ने बताया कि 2.5 करोड़ रुपये से नगर में विकास कार्य कराए जाएंगे। इनके टेंडर की तैयारी है।
कांवड़ियों के साथ हादसे रोकेगा डिवाइडर
गजरौला का बदायूं-बिल्सी मार्ग कांवड़ियों के लिए महत्वपूर्ण है। हरिद्वार से कांवड़ लाने वाले शिवभक्त बिजनौर को जोड़ने वाले इसी मार्ग से गुजरते हैं। कांवड़ियों के साथ किसी तरह का हादसा न हो, इसके लिए पुलिस को खासे इंतजाम करने पड़ते हैं। बिजनौर की दिशा में जाने वाले वाहनों को या तो चौपला पर रोक दिया जाता है, या उनको इंदिरा चौक से खाद गुर्जर की तरफ भेजा जाता है। चौपला से लेकर इंदिरा चौक तक डिवाइडर टूटा है। कई स्थान पर उसका नाम ही रह गया है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस को इंदिरा चौक से चौपला तक बांस, बल्लियां लगानी पड़ती हैं। ईओ ललित कुमार आर्य का कहना है कि डिवाइडर बन जाने और कई स्थानों पर उसकी मरम्मत हो जाने पर कांवड़ियों के लिए पुलिस को इंतजाम करने की जरूरत नहीं रहेगी।